लोकसभा चुनाव 2024 से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष द्वारा एक दूसरे पर शब्दों के बाण बड़ी तेजी से चलाए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए बोला कि हिंदू धर्म और हिंदुत्व पर लंबे लेख लिखना आसान है, मगर हिंदुत्व को जीवन में उतारना और आचरण में लाना, उसे जीना एक चुनावी हिंदू के बस की बात नहीं। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले अनुराग ठाकुर का यह बयान सुर्खियों में बना हुआ है। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर राहुल गांधी लगातार लोगों के बीच पहुंच रहे हैं।
हिंदू धर्म पर लिखा था लेख
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान सांसद राहुल गांधी ने बीते 1 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक आर्टिकल की कॉपी शेयर की थी। बता दें कि यह कॉपी हिंदू धर्म को लेकर थी। जहां उन्होंने इस आर्टिकल में हिंदू का मतलब बताते हुए लिखा था कि हिंदू इतना कमजोर नहीं होता, जो हिंसा का माध्यम बने। इसके साथ ही उन्होंने लिखा था कि “एक हिंदू जीवन के इस महासागर में खुद को और हर किसी को प्यार, करुणा और सम्मान के साथ देखता है, वह आगे बढ़ता है और अपने आसपास मौजूद उन सभी प्राणियों की रक्षा करता है, जो समुद्र में तैरने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। दूसरो लोगों की, खास कमजोरों की रक्षा करने के इस कार्य और कर्तव्य को एक हिंदू अपना धर्म मानता है। हिंदू सभी की चिंताओं को सुनता है और सत्य और अहिंसा से उन्हें दूर करता है।”
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कसा था तंज
राहुल गांधी की इस आर्टिकल पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने तंज करते हुए कहा कि “चुनावी हिंदू रूपी कालनेमि ने जब-जब हमारे धैर्य और भावनाओं की लक्ष्मण रेखा लांघी है, उनका भेद खुला है और जनता ने जवाब दिया है। हिंदुत्व हमें सद्भाव सिखाता है, सर्वकल्याण की भावना जगाता है। हिंदू धर्म और हिंदुत्व पर लंबे- लेख लिखना आसान है, मगर हिंदुत्व को जीवन में उतारना, आचरण में लाना उसे जीना एक चुनावी हिंदू के बस की बात नहीं।” हालांकि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के बयान का कांग्रेस पार्टी विरोध कर रही है।
आखिर चुनाव के समय ही क्यों याद आता है हिंदू धर्म
कांग्रेस पार्टी को चुनाव के दौरान ही हिंदू और हिंदू धर्म क्यों नजर आता है। बता दें कि चुनाव के समय ही मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी मंदिर दर्शन करने को जा रहे हैं। वहीं चुनाव से पहले राहुल गांधी भी कई मंदिरों में दर्शन करने के लिए जाते हुए देखे गए हैं। वहीं हाल ही में राहुल गांधी ने हिंदू धर्म को लेकर भी बयान दिया है। एक तरफ तो विपक्ष के लोग हिंदू धर्म पर विवादित टिप्पणी करते हैं, वहीं दूसरी ओर हिंदू धर्म की ताकत और उसका अर्थ समझाते हैं।