मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी एक दूसरे पर लगातार हमलावर हैं। एक तरफ कांग्रेस पार्टी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत के साथ जीत का दावा कर रही है, तो वहीं भारतीय जनता पार्टी भी पुनः सत्ता में काबिज रहने का दावा ठोक रही है। एक दूसरे पर आरोप- प्रत्यारोप के दौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतने के लिए सोने का महल बनाने तक का वादा कर सकती है।
आलू से सोना बनाने वाले बयान पर किया घेराव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के बड़वानी में रैली को संबोधित करते हुए आलू से सोने वाले बयान पर एक बार फिर कांग्रेस का घेराव किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में सत्ता में आने के लिए कांग्रेस पार्टी सोने के महल बनाने का भी वादा कर सकती है। प्रधानमंत्री ने कहा “अब वे सोना कहां से लाएंगे? आलू वाला? वे सोने का महल देने का वादा करेंगे और फिर कहेंगे कि वे आलू से सोना निकालेंगे और फिर इसे बनाएंगे।”
कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस पार्टी पर आम जनता को धोखा देने और विकास रोकने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा “जहां भी कांग्रेस की सरकार बनी है, यहां तक कि समृद्ध राज्य भी संकट में पड़ गए हैं।” इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश के किसानों, महिलाओं, युवाओं और राज्य सरकार के कर्मचारियों से कई वादे किए थे, लेकिन पिछले साल वहां चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस ने उन सभी को धोखा दिया है।” प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए आगे कहा कि जहां कांग्रेस इस साल मई में सत्ता में आई है, वहां भी वह उसी रास्ते पर है और दक्षिणी राज्य में विकास रुक गया है।
यह चुनाव मध्य प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य को तय करने वाला चुनाव
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश की जनता से कहा कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को होने वाला चुनाव सिर्फ भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी के बीच की लड़ाई नहीं है, बल्कि यह चुनाव मध्य प्रदेश के उज्जवल भविष्य को तय करने वाला है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पार्टी के वादों को लेकर कहा “कांग्रेस के कार्यकाल के पिछले रिकॉर्ड के कारण अब कोई भी उसकी बातों और वादों पर भरोसा नहीं करता।” उन्होंने आगे कहा कि 2003 में सत्ता में आने के बाद भाजपा ने मध्य प्रदेश को अंधेरे से बाहर निकाला है।



