लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर सभी पार्टियां जोरों शोरों से तैयारी कर रही हैं। एक तरफ भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए कई बैठकें आयोजित कर रही है, विस्तारकों की लिस्ट तैयार कर रही है। वहीं दूसरी तरफ इंडिया गठबंधन भी अब लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर सहमति जताने की तैयारी कर रहा है, लेकिन इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के नेता गजेंद्र सिंह शेखावत ने लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 400 से ज्यादा सीटें मिलने का दावा किया है।
एक बार फिर प्रधानमंत्री बनेंगे नरेंद्र मोदी
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर से देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव 2024 में जीत हासिल करेगी और 400 से ज्यादा सीटें इस लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी हासिल करेगी। बता दें कि हाल ही में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में से तीन राज्यों में जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी का मनोबल काफी बढ़ा है।
प्रधानमंत्री की गारंटी पर भरोसा
लोकसभा चुनाव 2024 के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा तीन राज्यों में बनाई गई सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर जनता ने भरोसा किया और छत्तीसगढ़, राजस्थान के साथ मध्य प्रदेश में भारी बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी। उन्होंने कहा कि इन राज्यों की जनता ने प्रधानमंत्री की गारंटी पर भरोसा किया है और ऐसा ही भरोसा लोकसभा चुनाव 2024 में देखने को मिलेगा।
भाजपा की जीत का दावा कितना सटीक
भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव 2024 में कितनी सीटें हासिल करेगी, यह तो चुनाव के बाद ही पता चल पाएगा, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने जिस तरह तीन राज्यों में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाई है, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव 2024 में भी भारी बहुमत के साथ जीत हासिल कर सकती है। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों को लोकसभा चुनाव के लिए सेमीफाइनल माना जा रहा था, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल करते हुए लोकसभा चुनाव में भी भारी बहुमत के साथ जीत का दावा ठोक दिया है।