लोकसभा चुनाव से पहले ही विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A एक-एक करके बिखरता जा रहा है। बता दें कि नीतीश कुमार ने I.N.D.I.A गठबंधन का साथ छोड़ दिया था। इसके बाद ममता बनर्जी ने भी अकेले लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। वहीं अभी तक उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है, क्योंकि सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस खुश नहीं है। उत्तर प्रदेश में रालोद के भी गठबंधन से अलग होने की खबर सामने आ रही है। इन सभी के बीच आम आदमी पार्टी ने भी पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।
पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी
आम आदमी पार्टी विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A में जरूर शामिल है, लेकिन आम आदमी पार्टी ने ऐलान कर दिया है कि लोकसभा चुनाव के दौरान पंजाब में आम आदमी पार्टी कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी और राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने आधिकारिक तौर पर लोकसभा चुनाव में पंजाब में कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन करने से इनकार कर दिया है।
लोकसभा चुनाव से पहले ही टूट रहा गठबंधन
विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A के लिए सबसे बड़ी मुश्किल लोकसभा चुनाव में गठबंधन में शामिल सभी पार्टियों को एकजुट रखना है। बता दें कि लोकसभा चुनाव से पहले ही धीरे-धीरे कई पार्टियों अलग होती जा रही हैं। अगर ऐसा ही रहा तो, लोकसभा चुनाव से पहले गठबंधन पूरी तरह बिखर जाएगा और कांग्रेस पार्टी का एक बार फिर से सत्ता में आने का सपना धूमिल हो जाएगा।
भाजपा को टक्कर देना बेहद मुश्किल
लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी पार्टियों ने मिलकर भले ही I.N.D.I.A गठबंधन खड़ा कर लिया हो, लेकिन I.N.D.I.A गठबंधन की जड़ें लोकसभा चुनाव से पहले ही उखड़ती हुई नजर आ रही हैं। भारतीय जनता पार्टी को टक्कर देना कांग्रेस पार्टी के साथ-साथ पूरे विपक्षी गठबंधन के लिए बेहद मुश्किल है।