भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरुआत हो चुकी है। इस कार्यक्रम को ‘संगठन पर्व सदस्यता अभियान-2024’ का नाम दिया गया है। इसकी शुरूआत भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सदस्य बनाकर की। पीएम नरेंद्र मोदी ने पार्टी के टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल के जरिए फिर से भाजपा की सदस्य ली। इस अभियान का लक्ष्य दस करोड़ सदस्य बनाने का है। पार्टी का विश्वास है कि यह अभियान पिछले सभी रिकार्ड तोड़ेगा।
भाजपा की सदस्यता लेने के लिए चलाया मिस्ड कॉल अभियान
भाजपा ने सदस्य बनाने के लिए मिस्ड कॉल अभियान शुरू किया है। जिसमें पार्टी का सदस्य बनाने के लिए भाजपा ने मिस्ड कॉल नंबर- 8800002024 भी जारी किया है। लोग नमो ऐप के माध्यम से भी भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं।
क्या बोले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा?
इस दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि “पहली बार निर्णय हुआ कि डिजिटल तौर पर सदस्य बनाएंगे। छह माह अभियान चला और पहली बार भाजपा ने दस करोड़ सदस्यों का लक्ष्य पार किया। इस बार का सदस्यता अभियान भी दस करोड़ से ज्यादा होगा।” उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी ने हमेशा संगठन को सबसे आगे रखा। प्रधानमंत्री देश के प्रधानसेवक होने के नाते, 140 करोड़ देशवासियों के नेतृत्व करने के नाते प्रशासन की बारीकियों में दिन-रात व्यस्त रहते हैं। उसके बावजूद हम सबके लिए आदर्श हैं। उन्होंने हमेशा संगठन को सर्वोपरि रखा है और संगठन प्रथम है। संगठन को जब भी जरूरत पड़ी है, तो व्यस्तताओं के बीच भी वे पार्टी को आगे बढ़ाने की चिंता करते हैं।”
भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है: गृह मंत्री अमित शाह
इस कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि “हमारी पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी तो है ही, साथ ही सभी राजनीतिक दलों में एक प्रकार से अनूठी पार्टी है। आज भारत के 1,500 से अधिक राजनीतिक दलों में कोई भी दल लोकतांत्रिक तरीके से विश्वास और खुलेपन के साथ हर 6 साल के बाद अपने सदस्यता अभियान नहीं चलाता है।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की पीएम मोदी की सराहना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि “नेताओं की कथनी और करनी में फर्क होने की वजह से देश की राजनीति और नेताओं के ऊपर जनता का भरोसा कम हुआ है। भारतीय राजनीति में इससे पहले नेताओं की कथनी और करनी में जो विश्वास का संकट पैदा हुआ था, उसे किसी ने चुनौती के रूप में स्वीकार किया है, तो वह हमारे प्रधानमंत्री ने किया है।” आगे कहा कि 2014 में जब मोदी जी भारत के प्रधानमंत्री बने, उस समय मैं पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष था। जब हमारा चुनावी घोषणा पत्र बन रहा था, तो उस समय भी हमारे प्रधानमंत्री जी ने बार-बार ये कहा कि इस बात का ध्यान रखिएगा कि चुनावी घोषणा पत्र में जो कुछ भी कहा जाए, उसका पालन हम कर सकें।”
पार्टी की सदस्यता को हर 6 साल के बाद करानी पड़ती है रिन्यू
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के संयोजक विनोद तावड़े ने हाल ही में पार्टी मुख्यालय में मीडिया को भाजपा सदस्यता अभियान की जानकारी दी थी। उस दौरान उन्होंने कहा था कि भाजपा के संविधान के मुताबिक, हर 5 से 6 साल बाद नए सिरे से सबको फिर से पार्टी का सदस्य बनाया जाता है। और यह नियम मात्र बीजेपी पार्टी में ही लागू है। इस बार भाजपा सदस्यता अभियान की शुरुआत पीएम मोदी ने पार्टी के टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल के जरिए फिर से भाजपा की सदस्यता लेकर की।