राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज महाकुंभ में पहुंचीं, जहां उन्होंने त्रिवेणी संगम पर प्रवासी पक्षियों को दाना डाला और पवित्र संगम में डुबकी लगाई। विधि-विधान से स्नान के बाद उन्होंने पूजा-अर्चना की। इसके बाद राष्ट्रपति लेटे हनुमान मंदिर पहुंचीं और आरती की, फिर अक्षयवट धाम पहुंची और दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी उपस्थित थे।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी ने किया स्वागत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह विशेष विमान से प्रयागराज हवाई अड्डे पर पहुंचीं, जहां राज्य की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। वहां से वह अरैल पहुंचीं और नाव से संगम पहुंचकर स्नान किया। नाव से संगम घाट जाते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति मुर्मू को गंगा और यमुना नदी तथा उसके प्रवाह के बारे में जानकारी दी।
घाट जाते समय राष्ट्रपति ने पक्षियों को डाला दाना
बता दें कि नाव से घाट जाते समय राष्ट्रपति ने साइबेरियाई पक्षियों को दाना भी डाला। संगम में स्नान करने के उपरांत राष्ट्रपति मुर्मू ने गंगा में नारियल और पुष्प अर्पित किए तथा सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। स्नान के बाद राष्ट्रपति ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच, गंगा आरती तथा पूजा-अर्चना की।
कुम्भ में स्नान करे वाली दूसरी राष्ट्रपति बनी द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देश की दूसरी राष्ट्रपति हैं जिन्हाेंने कुंभ में स्नान किया है। बता दें कि इससे पहले 1954 में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने संगम में स्नान किया था।
9 फरवरी तक लगभग 43.57 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई संगम में पवित्र डुबकी
महाकुंभ २०२५ 13 जनवरी से शुरू हो गया था और इस आयोजन में 9 फरवरी तक लगभग 43.57 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र डुबकी लगाई है। इसके साथ ही बता दें कि 10 फरवरी तक यह संख्या बढ़कर 44 करोड़ से अधिक हो गई है।