संसद का बजट सत्र आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ। संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ और वक्फ संशोधन जैसे प्रमुख विधेयकों का उल्लेख किया। उन्होंने देश के इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बढ़ाए गए बजट पर भी बात की। उन्होंने कहा, “हमारा एकमात्र लक्ष्य विकसित भारत का निर्माण करना है। पिछले 10 वर्षों में बुनियादी ढांचे का बजट पांच गुना बढ़ गया है।”
अभिभाषण में गिनाए नए कानून
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने अभिभाषण में नए कानून गिनाए उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम, डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन अधिनियम, नेशनल रिसर्च फाउंडेशन अधिनियम, जम्मू और कश्मीर आरक्षण कानून, सेंट्रल यूनिवर्सिटी कानून में संशोधन, परीक्षा में नकल रोकने पर सख्ती के लिए नया कानून बनाने का जिक्र भी किया था। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर से आर्टिकल-370 हटाने, तीन तलाक के विरुद्ध कड़ा कानून, पड़ोसी देशों से आए पीड़ित अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने वाला कानून बनाया। सरकार ने वन रैंक वन पेंशन को भी लागू किया, जिसका इंतजार चार दशकों से था। भारतीय सेना में पहली बार चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ की नियुक्ति भी हुई।
राष्ट्रपति मुर्मू ने सरकार कि योजनाओं का भी किया जिक्र
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि आवास के लिए हमने ठोस कदम उठाए हैं। पीएम आवास योजना को बढ़ाते हुए 3 करोड़ अतिरिक्त घर बनाए जाएंगे जिनमे 5 लाख 36 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। स्वामित्व योजना के तहत अब तक 2.25 करोड़ स्वामित्व कार्ड जारी किए गए है। 70 लाख पिछले 6 महीने में लागू किए गए हैं। किसान सम्मान निधि के तहत 41 हजार करोड़ रुपए का भुगतान पिछले महीने किया गया है। आयुष्मान के अंतर्गत 70 और उससे ज्यादा वरिष्ठ नागरिकों को बीमा देने का फैसला लिया गया। छोटे उद्यमियों के लिए मुद्रा ऋण की सीमा 5 लाख से 10 लाख कर दी गई है।
पेपर लीक को रोकने के लिए नया कानून लागू किया गया
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि छात्रों को उच्च शिक्षा में सहायता के लिए योजना शुरू की गई। 500 कंपनियों में इन्हें इंटर्नशिप भी दी जाएगी। पेपर लीक को रोकने के लिए नया कानून लागू किया गया है। सरकार ने ग्राम सड़क योजना के लिए 26 हजार करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। पिछले 6 माह में 17 वंदे भारत को जोड़ा गया है।
मेरी सरकार का मंत्र है सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास और सबका प्रयास
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि एक दशक के कार्यकाल में विकसित भारत की यात्रा नई ओर जाती है। जनभागीदारी ही आर्थिक उन्नति का रोड मैप है। आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और डिजिटाइजेशन इसका आधार हैं। सेवा-सुशासन-समृद्धि-स्वाभिमान हमारे केंद्र में हैं। मेरी सरकार का मंत्र है सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास और सबका प्रयास। इसी पर हम काम कर रहे हैं। मेरी अंत्योदय की भावना है, जिसके लिए मेरी सरकार संकल्पित रही है। गरीब को गरिमापूर्ण जीवन मिले, इसके लिए हम प्रयासरत हैं। देश का एक ही लक्ष्य है विकसित भारत बनना और सरकार “संतृप्ति दृष्टिकोण” के साथ काम कर रही है, ताकि इस यात्रा में कोई भी पीछे न छूटे।
इंडिया एआई मिशन शुरू किया गया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा विकसित भारत के निर्माण के लिए किसान, जवान, विज्ञान के साथ अनुसंधान का रोल है। 50 हजार करोड़ की लागत से नेशनल रिसर्च सेंटर बनाया गया है। 10 हजार करोड़ की लागत से विज्ञान और प्रोद्योगिकी को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इंडिया एआई मिशन शुरू किया गया है।
देश में 15 रोपवे प्रोजेक्ट की योजना पर काम हो रहा है
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने अभिभाषण में बताया कि मेट्रो नेटवर्क के मामले में भारत दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा देश बन गया। देश में इलेक्ट्रिक बस चलाने के फैसला किया गया है इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने बताय कि देश में 15 रोपवे प्रोजेक्ट की योजना पर काम हो रहा है। 2014 में दिल्ली एनसीआर में मेट्रो का नेटवर्क 200 किमी था अब यह दोगुने से ज्यादा हो गया। पिछले 10 साल में एयरपोर्ट की संख्या दोगुनी हो गई। शहरी सुविधाओं का आधुनिकीकरण किया, एनर्जी एफिशियंट बनाने का काम किया गया।