कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत न्याय यात्रा को लेकर भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर लगातार निशाना साध रही है। हालांकि कांग्रेस पार्टी भारत न्याय यात्रा को लोकसभा चुनाव को देखते हुए काफी महत्वपूर्ण मान रही है। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कांग्रेस की भारत न्याय यात्रा को लेकर राहुल गांधी पर तंज कसा है। केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी को बच्चा बताते हुए कहा है कि वह मनोरंजन के लिए यह यात्रा निकाल रहे हैं।
जनता की भलाई के लिए राहुल गांधी ने नहीं किया कोई काम
केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भारत न्याय यात्रा को लेकर तंज कसते हुए कई सवाल भी उठाए हैं। केंद्रीय मंत्री का कहना है कि राहुल गांधी अपने आनंद के लिए यात्रा करते हैं, तो इससे लोगों को क्या फायदा होगा? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यह यात्रा उनके मजे के लिए है। इस यात्रा से किसी को कोई फायदा नहीं होने वाला है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी पर जनता के लिए कोई भी काम न करने का आरोप लगाते हुए कहा, “राहुल ने जनता की भलाई के लिए कभी भी कोई काम नहीं किया है।”
भाजपा राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेती – केंद्रीय मंत्री
राहुल गांधी को लेकर केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने निशाना साधते हुए उनके विचारों को एक बच्चे की तरह बताया। उन्होंने कहा, “राहुल अभी भी एक बच्चे हैं। वह बूढ़े हो गए हैं, लेकिन उनके विचार अभी भी एक बच्चे की तरह हैं।” इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लेती है। कांग्रेस और वामपंथी राहुल गांधी को बढ़ावा देते हैं, लेकिन यह देश के लिए महत्वपूर्ण नहीं है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू की गई योजनाएं देश के लिए महत्वपूर्ण हैं।
भारत जोड़ो यात्रा का भी नहीं दिखा था असर
कांग्रेस पार्टी द्वारा राहुल गांधी के नेतृत्व में भले ही भारत न्याय यात्रा निकाली जा रही हो, लेकिन इस यात्रा पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी द्वारा भारत जोड़ो यात्रा भी निकाली गई थी, लेकिन उसका विधानसभा चुनावों पर कोई असर नहीं दिखा और नतीजा यह हुआ कि कांग्रेस पार्टी अपने ही राज्य हार गई। यही कारण है कि भारतीय जनता पार्टी कह रही है कि राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा का भी कोई असर नहीं होगा।