मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कल यानि कि 13 दिसंबर को शपथ ग्रहण के साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री की कमान संभालते हुए एक बड़ा ऐलान किया है। बता दें कि नए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में खुले में मांस की बिक्री पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। दरअसल यह आदेश मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद जारी किया है। इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर जाने वालों का स्वागत करने का भी ऐलान किया है।
अब खुले में नहीं बिकेगा मांस
राजस्थान के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुख्यमंत्री के रूप में अपना पहला फैसला प्रदेश भर में मांस और अंडे की खुली दुकानों को बैन किए जाने का किया है। मुख्यमंत्री का आदेश है कि प्रदेश में कहीं भी मांस और अंडे की दुकान खुले में नहीं चलेगी। वहीं इसके साथ ही उन्होंने दूसरा आदेश धार्मिक स्थलों पर तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने पर पाबंदी लगाने का जारी किया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आदतन अपराधियों की जमानत निरस्त करने का भी ऐलान किया है।
प्रधानमंत्री और राज्यपाल की उपस्थिति में ली शपथ
मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री के रूप में उज्जैन दक्षिण से विधायक मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्यपाल मंगू भाई की उपस्थिति में शपथ ली। इस दौरान मध्य प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्रियों को भी शपथ ग्रहण समारोह में शपथ दिलाई गई। बता दें कि प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई ने मंदसौर के मल्हारगढ़ से विधायक जगदीश देवड़ा और रीवा से विधायक राजेंद्र शुक्ला को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी कुर्सी संभालते ही लिए थे कई अहम निर्णय
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुख्यमंत्री की कुर्सी संभालते ही काम करना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जब प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली, तो उन्होंने भी कई बड़े फैसले लिए थे, जिसमें से पहला फैसला खुले में मांस की दुकानों को बैन करने का था। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री भी योगी आदित्यनाथ की चाल चलते हुए नजर आ रहे हैं।