विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A में लगातार फूट पड़ने की खबरें सामने आ रही हैं। नीतीश कुमार I.N.D.I.A गठबंधन को छोड़कर एनडीए में जाने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं इससे पहले ममता बनर्जी ने भी लोकसभा चुनाव में अकेले उतरने का ऐलान कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी विपक्षी गठबंधन में हो रही उथल-पुथल पर खूब तंज कस रही है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने I.N.D.I.A गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा है कि विपक्षी गठबंधन जल्द ही टूटने वाला है।
गठबंधन को लेकर कसा तंज
भाजपा प्रवक्ता और सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने I.N.D.I.A गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने विपक्षी गठबंधन में बसपा के शामिल न होने का जिक्र करते हुए कहा कि इससे पहले बसपा ने भी उत्तर प्रदेश में इंडी गठबंधन से नाता न रखने की बात कही है। वहीं उन्होंने गठबंधन में उथल पुथल को देखते हुए कहा तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन की वर्तमान स्थिति को देखते हुए ‘देखी जमाने की यारी बिछड़े सभी बारी-बारी’ कहा जा सकता है।
विपक्षी गठबंधन के भविष्य पर उठाए सवाल
विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्षी गठबंधन के भविष्य पर भी सवाल उठाया। सुधांशु त्रिवेदी ने सकारात्मक राजनीति दृष्टिकोण की आवश्यकता पर काफी जोर दिया और कहा कि देश के पास NDA और I.N.D.I.A गठबंधन के रूप में दो विकल्प हैं। वहीं उन्होंने आगे कहा कि नकारात्मकता पर बने गठबंधनों का कोई भविष्य नहीं होता है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी I.N.D.I.A गठबंधन पर निशाना साधते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ‘अशांत आत्मा’ कहा। वहीं उन्होंने बिहार में 2025 में भाजपा की सरकार बनने का भी दावा किया। उन्होंने कहा, “हम 2025 में बिहार में सरकार बनाएंगे। बिहार के लोग 2024 में लोकसभा में और 2025 में बिहार में भाजपा को वोट देंगे। मैं बस देख रहा हूं कि राज्य में क्या चल रहा है।”