मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीत के बाद भी भारतीय जनता पार्टी अभी तक मुख्यमंत्री का ऐलान नहीं कर पाई है। हालांकि मुख्यमंत्री के ऐलान के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तीनों राज्यों में पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं। ये पर्यवेक्षक वहां के विधायकों से संपर्क करके तीनों राज्यों के मुख्यमंत्री का चेहरा तय करेंगे। वहीं पर्यवेक्षक नियुक्त होने के बाद तीनों राज्यों में मुख्यमंत्री की दौड़ में कई नए चेहरे भी सामने आ रहे हैं, जो मुख्यमंत्री पद के बड़े दावेदार साबित हो सकते हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि रविवार और सोमवार तक तीनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों का ऐलान हो सकता है।
तीनों राज्यों में जुड़े नए नाम
राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री पद के लिए कई प्रमुख दावेदारों के नाम सामने आ रहे थे, जहां राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के साथ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, बाबा बालकनाथ और दीया कुमारी का नाम शामिल था हालांकि अभी इस रेस में किरोड़ी लाल मीणा का नाम भी जुड़ गया है। वहीं मध्य प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ही मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चाएं हैं, लेकिन यहां भी ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम जुड़ गया है, जो कि प्रधानमंत्री के काफी करीबी हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय का नाम भी मुख्यमंत्री की दौड़ में शामिल बताया जा रहा है।
राजनाथ सिंह को मिली राजस्थान की जिम्मेदारी
राजस्थान में मुख्यमंत्री चुनने की जिम्मेदारी देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ सरोज पांडे और विनोद तावडे के हाथ में है। पर्यवेक्षक राजनाथ सिंह, सरोज पांडे और विनोद तावडे राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के दावेदार बाबा बालक नाथ, गजेंद्र सिंह शेखावत, वसुंधरा राजे और किरोड़ी लाल मीणा का नाम विधायक दलों की बैठक में रखेंगे। इनमें से किसी एक चेहरे को राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। हालांकि मुख्यमंत्री का अंतिम फैसला आलाकमान ही करेंगे।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के पर्यवेक्षक भी चुनेंगे मुख्यमंत्री
राजस्थान के साथ मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी भाजपा ने पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं, जिन्हें रविवार को मुख्यमंत्री चुनने के लिए विधायक दलों की बैठक कराने के निर्देश दिए गए हैं। मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण और पार्टी की राष्ट्रीय सचिव आशा लाकड़ा पर है। वहीं छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री चुनने के लिए केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, सर्वानंद सोनोवाल और पार्टी महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम को पर्यवेक्षक बनाया गया है।