लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेताओं की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। दरअसल कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को अदालत ने समन भेजा है। अदालत ने तीनों नेताओं को 28 मार्च को पेश होने के लिए कहा है। बता दें कि कांग्रेस ने बीते वर्ष विधानसभा चुनाव में एक सफल अभियान चलाया था। इस अभियान में कांग्रेस पार्टी ने स्थानीय और राष्ट्रीय अखबरों में तत्कालीन भाजपा के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार को निशाना बनाते हुए एक “भ्रष्टाचार रेट कार्ड” विज्ञापन जारी किया था। विज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ 40 प्रतिशत से अधिक कमीशन वसूलने का आरोप लगाया था। आरोप के बाद भाजपा ने विज्ञापनों से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए अदालत में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था।
