उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने तंज कसा है। दरअसल सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ के गोमती नगर इलाके में स्थित जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र पर जयप्रकाश नारायण की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे। इस दौरान सपा अध्यक्ष ने जेपीएनआईसी के मुख्य द्वार को फांदकर माल्यार्पण किया। जहां इसको लेकर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को एशियाई खेलों में जाकर कुछ और पदक लाने की कोशिश करनी चाहिए।
सपा को अराजकता, गुंडई पसंद है
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को लेकर मीडिया कर्मियों से बात करते हुए समाजवादी पार्टी को अराजकता और गुंडई पसंद वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि “समाजवादी पार्टी को अराजकता, गुंडई पसंद है, आज समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आचरण से यह सिद्ध हो गया है।” उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि सपा प्रमुख दीवार को फांदकर जयप्रकाश नारायण की मूर्ति पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे, लेकिन उस बिल्डिंग को एलडीए (लखनऊ विकास प्राधिकरण) ने सील कर रखा था। जहां बृजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर कानून तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने बयान देते हुए कहा कि”उनको कानून से कोई मतलब नहीं है। हमेशा कानून तोड़कर अराजकता फैलाना समाजवादी पार्टी का पुराना शगल रहा है।”
एशियन खेलों में पदक लाने का दिया बयान
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जब दीवार बांधकर जयप्रकाश नारायण की मूर्ति पर माल्यार्पण किया, तो उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अखिलेश यादव से एशियन खेलों में प्रतिभाग करने और देश के लिए कुछ और पदक लाने का बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव अच्छा कूदना जानते हैं, तो उन्हें ‘एशियन गेम’ में जाकर कुछ और पदक लाने की कोशिश करनी चाहिए।
लोकसभा चुनाव को लेकर सपा और भाजपा में टक्कर
लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच कड़ी टक्कर है। हालांकि समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन में शामिल है, तो अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उत्तर प्रदेश की कितनी लोकसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी चुनाव लड़ेगी। वहीं भारतीय जनता पार्टी जिस प्रकार से उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारी कर रही है उससे विपक्षी पार्टियों की मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही हैं। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए योगी सरकार के कई मंत्रियों को भी उतारा जा सकता है।