लोकसभा चुनाव से पहले ही I.N.D.I.A गठबंधन टूटने के संकेत मिल रहे हैं। उत्तराखंड उपचुनाव में हार के बाद शुरू हुए इस विवाद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के बीच दूरियां बढ़ा दी हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की ओर से एक पोस्टर जारी किया गया है। इस पोस्टर में राहुल गांधी को 2024 में बतौर प्रधानमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को 2027 में बतौर मुख्यमंत्री दिखाया गया है। क्या यह पोस्टर कांग्रेस पार्टी की आगामी रणनीति बता रहा है या फिर यह समाजवादी पार्टी के पोस्टर का जवाब है?
2024 में राहुल, 2027 में राय
लखनऊ कांग्रेस कार्यालय के सामने ठा. नितांत सिंह नितिन नाम के कांग्रेस कार्यकर्ता ने एक पोस्टर लगाया है, जिसमें लिखा है, ”2024 में राहुल, 2027 में राय, देश-प्रदेश बोल रहा है, हाथ के साथ आएं।” लखनऊ में कांग्रेस कार्यालय के सामने लगे पोस्टर में राहुल गांधी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और अन्य नेताओं की तस्वीरें लगी हैं।
क्या कांग्रेस यूपी में भी सपा का पत्ता साफ करना चाहती है?
कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा लखनऊ कांग्रेस कार्यालय के सामने लगाए गए पोस्टर के बाद दोनों पार्टियों के आपसी रिश्तों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पोस्टर के मुताबिक, 2024 लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी प्रधानमंत्री पद का चेहरा होंगे जबकि अजय राय 2027 में उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। मालूम हो कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने समाजवादी पार्टी को एक भी सीट नहीं दी थी। तो सवाल उठता है कि क्या कांग्रेस मध्य प्रदेश की तरह उत्तर प्रदेश में भी समाजवादी पार्टी का पत्ता साफ करना चाहती है?
गठबंधन में शामिल पार्टियों के नहीं मिल रहे सुर
2024 के लोकसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को हराने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी ने कई अन्य पार्टियों के साथ मिलकर I.N.D.I.A गठबंधन का गठन किया था। हालाँकि, गठबंधन में अब पार्टियों की विचारधारा या एकता के मामले में आम सहमति नहीं मिल रही है। जिस तरह से I.N.D.I.A गठबंधन की पार्टियां एक-दूसरे पर हमलावर हैं, उससे साफ है कि गठबंधन के भीतर सिर्फ विचारों में ही नहीं बल्कि मन में भी मतभेद हैं। ऐसे गठबंधन के साथ, भारतीय जनता पार्टी को 2024 के लोकसभा चुनाव जीतने से रोकना I.N.D.I.A गठबंधन के लिए एक कठिन चुनौती होगी।