लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी को टक्कर देने के लिए विपक्षी पार्टियां पुरजोर मेहनत कर रही हैं। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A अभी तक सीटों के बंटवारे पर सहमति नहीं बना पाया है। वहीं इसी बीच कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी में जुबानी जंग एक बार फिर शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्टी के नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर हमला बोलते हुए अवैध रेत खनन के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने भी दोनों पार्टियों पर तंज कसा है।
AAP और कांग्रेस की दोस्ती फायदे वाली दोस्ती
कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने आरोप लगाया था कि भगवंत मान की सरकार के संरक्षण में अवैध रेत खनन हो रहा है। राज्य में 39,000 करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार किया गया है। नवजोत सिंह सिद्धू के इस बयान पर पलटवार करते हुए पूनावाला ने कहा, “आज फायदे वाली दोस्ती क्या होती है, ये AAP और कांग्रेस दिखा रहे हैं। दिल्ली में दोस्त हैं और पंजाब में आपस में कुश्ती कर रहे हैं।”
भ्रष्टाचार से नहीं करेंगे समझौते वाले बयान पर घेरा
भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी के पुराने बयानों को लेकर हमला बोलते हुए कई आरोप लगाए हैं। भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, “आम आदमी पार्टी ने पहले कहा था कि वे भ्रष्टाचार से कभी समझौता नहीं करेंगे और कांग्रेस से कभी हाथ नहीं मिलाएंगे। आज वे एक-दूसरे के साथ गठबंधन में हैं। उन्होंने पूरी तरह से यू-टर्न ले लिया है।” इसके साथ ही भाजपा नेता ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी से जवाब मांगते हुए कहा, “इस तरह का पाखंडी गठबंधन आज बनाया जा रहा है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को जवाब देना चाहिए।”
राजीव गांधी के विरोध को लेकर भी पूछा सवाल
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को लेकर भी सवाल पूछे। भाजपा नेता ने कहा कि दिल्ली विधानसभा में आम आदमी पार्टी द्वारा एक प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसमें कहा गया था कि राजीव गांधी से भारत रत्न वापस लिया जाना चाहिए, क्योंकि वह 1984 के सिख नरसंहार के मास्टरमाइंड थे। भाजपा नेता ने पूछा, “अब क्या आम आदमी पार्टी ने राजीव गांधी को माफ कर दिया है या कांग्रेस पार्टी ने राजीव गांधी की भूमिका स्वीकार कर ली है? इसका जवाब देना चाहिए।”