केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। गृहमंत्री अमित शाह ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार को महिलाओं की सुरक्षा करने में नाकाम बताया है। इसके साथ ही अमित शाह ने दावा किया है कि राजस्थान से अशोक गहलोत की सरकार जाने वाली है। अमित शाह ने गहलोत सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा के साथ ही दंगाइयों पर कार्यवाही न करने और लाल डायरी को लेकर हमला बोला है।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर घेरा
अमित शाह ने राजस्थान में कांग्रेस सरकार को कई मुद्दों पर घेरा। अमित शाह ने महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि गहलोत सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में महिलाओं के साथ हुए अत्याचार चिंता जनक हैं। इसके साथ ही अमित शाह ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर दंगाइयों पर कोई कार्यवाही नहीं करने का आरोप लगाया। वहीं भाजपा की जीत का और कांग्रेस की हार का दावा करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि इस विधानसभा चुनाव में गहलोत सरकार की विदाई तय है।
लाल डायरी को लेकर फिर साधा निशाना
भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर लाल डायरी को लेकर लगातार निशाना साधा जा रहा है। दरअसल जनसभा में कई लोग लाल पगड़ी पहन कर आए थे। लाल पगड़ी को लेकर जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने लाल पगड़ी पहनकर मत जाइए, क्योंकि लाल रंग गहलोत को उस लाल डायरी की याद दिलाता है, जिसमें उनके भ्रष्टाचार का लेखा-जोखा है।”
40 लाख युवाओं को धोखा देने का आरोप
राजस्थान में पेपर लीक मामले को लेकर भी अमित शाह ने अशोक गहलोत सरकार पर हमला बोला है। अमित शाह ने पेपर लीक मामले में गहलोत सरकार द्वारा 40 लाख युवाओं को धोखा देने का आरोप लगाया। अमित शाह ने राजस्थान सरकार से पूछा कि आखिर पेपर लीक के पीछे कौन है? अमित शाह ने कहा “रिकॉर्ड संख्या में पेपर लीक के पीछे कांग्रेस सरकार है। यह जानबूझकर कांग्रेस पार्टी के समर्थकों को सरकारी नौकरियां देने के लिए किया गया है।”