लोकसभा चुनाव 2024 को नजदीक देखते हुए भारतीय जनता पार्टी लगातार रणनीतियां तैयार कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कमान गृहमंत्री अमित शाह ने संभाल ली है। हाल ही में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों की भी कमान केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हाथों में थी, जिसके चलते भारतीय जनता पार्टी ने तीन राज्यों में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाई। हालांकि अब भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य ऐसे राज्य हैं, जहां उन्हें अन्य राज्यों की तुलना में अधिक सीटें नहीं मिल पा रही हैं।
गृह मंत्री ने बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना की संभाली कमान
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा के मिशन 2024 के लिए पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना की कमान संभाल ली है। दरअसल भारतीय जनता पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में अधिक सीटें प्राप्त करना चाहती है, जिसके लिए भाजपा उन राज्यों पर अधिक ध्यान दे रही है, जिसमें 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को कम सीटें मिली थीं। अमित शाह लगातार उन राज्यों में बैठकर आयोजित कर रहे हैं और स्थानीय नेता और कार्यकर्ताओं को भी दिशा निर्देश जारी कर रहे हैं।
2019 लोकसभा चुनाव में मिली थीं 30 सीटें
भारतीय जनता पार्टी को लोकसभा चुनाव 2019 में पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तेलंगाना से 80 सीटों में से मात्र 30 सीटों पर जीत मिली थी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने इन तीनों राज्यों से 50 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य बनाया है। हालांकि भारतीय जनता पार्टी इन राज्यों में लगातार बढ़त हासिल कर रही है। 2014 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को इन तीनों राज्यों से मात्र चार सीटें मिली थीं, जो कि 2019 में बढ़कर 30 हो गई थीं।
अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा होती है सफल
भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में चुनावों में सफलता हासिल करती है, चाहें वह विधानसभा चुनाव हों या फिर लोकसभा चुनाव। हाल ही में गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल की थी। यही कारण है कि इन राज्यों की जिम्मेदारी भी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को सौंपी गई है।