दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल पर सवाल दागते हुए पूछा कि केजरीवाल जवाब दें कि शीश महल बनाने का पैसा कहा से आया उन्होंने कहा “कौन सा मुख्यमंत्री बिना सरकार के पैसे से इतना बड़ा शीशमहल बनाता है?”
सचदेवा ने केजरीवाल से माँगा जवाब
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि हमने ‘शीशमहल’ पर एक गाना लॉन्च किया है। कौन सा मुख्यमंत्री बिना सरकार के पैसे से इतना बड़ा शीशमहल बनाता है? 7 करोड़ का कुछ टेंडर हुआ लेकिन उसके अलावा जो 50 करोड़ लगे पैसे वो कहां से आए? अगर हम सवाल पूछ रहे हैं तो आप हिसाब बताइए। आपको जवाब देना पड़ेगा कि आपके चेहरे पर जो भ्रष्टाचार के काले धब्बे लगे हैं वो आए कहां से। ”
2026 करोड़ का घोटाला जानबूझकर किया गया घोटाला है
भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, “भाजपा पहले दिन से ही एक बात कह रही है कि 2026 करोड़ का घोटाला जानबूझकर किया गया घोटाला है। CAG रिपोर्ट के मुताबिक यह एक सोची समझी साजिश थी। जो परियोजना बनाई गई थी उसमें फेर-बदल किए गए थे। हर बार सरकारी नियमों की अवहेलना की गई थी। क्यों अरविंद केजरीवाल CAG रिपोर्ट को विधानसभा पटल पर नहीं रख रहे हैं?”
दिल्ली अब इस आपदा से मुक्ति चाहती है
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल पर निशाना साधा और कहा, “दिल्ली में अरविंद केजरीवाल एक आपदा की तरह टूट पड़े हैं। दिल्ली की जनता को लूट रहे हैं और दिल्ली को भ्रष्टाचार से निगल रहे हैं। यह दिल्ली के लिए एक आपदा ही है। दिल्ली अब इस आपदा से मुक्ति चाहती है।
महाभ्रष्ट केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को लूटा है
भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा, “महाभ्रष्ट केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को लूटा है और CAG की रिपोर्ट इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि दिल्ली को किस तरह से लूटा गया। कोर्ट ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि प्रथम दृष्टया अरविंद केजरीवाल बतौर मुख्यमंत्री इसमें शामिल हैं और आम आदमी पार्टी शराब घोटाले में शामिल है। अब CAG की रिपोर्ट यह स्पष्ट कर रही है कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को लूटने की साजिश रची, अब दिल्ली की जनता उन्हें जवाब देगी।”
अरविंद केजरीवाल को हटाएं और भाजपा को सत्ता में लाएं
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने केजरीवाल पार निशाना साधते हुए कहा, “अरविंद केजरीवाल के कार्यकाल में घोटाले हुए हैं। अब जो रिपोर्ट आई है, उससे भी पता चलता है कि अरविंद केजरीवाल की सरकार भ्रष्ट थी, इसलिए अरविंद केजरीवाल को हटाएं और भाजपा को सत्ता में लाएं, ये हमारी मांग है। हम 15-20 सीटों पर चुनाव जरूर लड़ रहे हैं लेकिन भाजपा को कोई नुकसान नहीं हो, मेरी पार्टी NDA में है, हम भाजपा, NDA का समर्थन करते हैं। हमारी भूमिका यह सुनिश्चित करना है कि यहां भाजपा की सरकार आए।”
AAP की उल्टी गिनती शुरू हो गई है
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, “आज आम आदमी पार्टी पूरी तरह हताश, निराश है और निराशा में आम आदमी पार्टी के नेता इस तरह की बातें कह रहे हैं। उनकी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और दिल्ली की जनता उस सरकार से मुक्ति चाहती है। कांग्रेस पार्टी ने देश की जनता का ध्यान नहीं रखा इसलिए कांग्रेस पार्टी समाप्ति की ओर बढ़ रही है।”
क्या बोले भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, “अगर आम आदमी पार्टी की नीतियां इतनी अच्छी थी तो फिर वे वापस क्यों ली गई? आज आम आदमी पार्टी के पास दिल्ली की टूटी-फूटी सड़कों, घरों में गंदा पानी, बढ़ते हुए बिजली के बिल, कूड़े के पहाड़ और प्रदूषण पर कोई जवाब नहीं है। आज दिल्ली की जनता आपदा मुक्त होना चाहती है।”
दिल्ली की खुशियों को हटाकर दलाल की भूमिका निभाने वाले केजरीवाल
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, “दिल्ली की खुशियों को हटाकर दलाल की भूमिका निभाने वाले आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल की सारी भ्रष्टाचार की कहानी CAG ने बता दी है। ये वही CAG रिपोर्ट है जिसे कभी 2013 में अरविंद केजरीवाल लहराकर शीला दीक्षित के खिलाफ लड़ते थे और आज उसी CAG रिपोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को भ्रष्टाचारी घोषित कर दिया है।”