हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि बीते मंगलवार को मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद हरियाणा का नया मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को बनाया गया है। वहीं अब मनोहर लाल खट्टर के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद करनाल विधानसभा सीट खाली हो गई है। नायब सिंह सैनी इसी विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ेंगे। नायब सिंह सैनी फिलहाल हरियाणा की कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से सांसद हैं। खट्टर के मुख्यमंत्री और विधायक पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद संभावना जताई जा रही है कि वह लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि उनके आगे का रास्ता क्या होगा, इसको लेकर अभी तक कोई भी आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।