सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयानों को लेकर सुहेल देव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर हमला बोला है। ओम प्रकाश राजभर ने स्वामी प्रसाद मौर्य के विवादित बयानों को अखिलेश यादव से जोड़ दिया है। राजभर ने दावा किया है कि स्वामी प्रसाद मौर्य अखिलेश यादव के इशारों पर ऐसी विवादित बयानबाजी कर रहे हैं। बता दें कि हाल ही में स्वामी प्रसाद मौर्य ने मां लक्ष्मी को लेकर विवादित बयान दिया था।
स्वामी प्रसाद के बयान को लेकर अखिलेश पर हमला
ओम प्रकाश राजभर ने स्वामी प्रसाद मौर्य के बयानों को लेकर बड़ा बयान दिया है। राजभर ने पहले स्वामी प्रसाद मौर्य पर बोलते हुए कहा “स्वामी प्रसाद मौर्य भाजपा में पांच साल मंत्री रहे, तो उन्हें यह सब चीजें याद नहीं आयी। बसपा सरकार में भी मंत्री रहे, लेकिन तब उन्हें यह बातें याद नहीं आयी थी। अब सत्ता से बेदखल होने के बाद वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं, जिसकी वजह से ऐसी अनर्गल बयानबाजी कर रह हैं।” इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सब कुछ सपा मुखिया अखिलेश यादव के इशारे पर हो रहा है।
राम लोटन निषाद को कर दिया था निष्कासित
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए राजभर ने राम लोटन निषाद का जिक्र किया। राजभर ने कहा कि राम लोटन निषाद ने इस प्रकार की टिप्पणी की थी, तो अखिलेश यादव ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। वहीं इस पर आगे बोलते हुए राजभर ने कहा कि आज स्वयं उसी प्रकार की बयानबाजी करने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य को अखिलेश यादव अपने बगल में बैठाकर चाय पिला रहे हैं, तो देखकर लग रहा है कि कहीं न कहीं स्वामी प्रसाद मौर्य को अखिलेश यादव का संरक्षण प्राप्त है।
सपा मुखिया क्यों नहीं ले रहे कोई एक्शन
सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के सनातन धर्म और देवी देवताओं को लेकर दिए जा रहे विवादित बयानों पर सपा मुखिया मौन हो जाते हैं। अगर स्वामी प्रसाद मौर्य अखिलेश यादव के इशारों पर बयान नहीं देते हैं, तो सपा मुखिया अखिलेश यादव स्वामी प्रसाद मौर्य पर कोई एक्शन क्यों नहीं लेते हैं? एक तरफ अखिलेश यादव कहते हैं कि समाजवादी पार्टी सभी धर्मों का समान रूप से सम्मान करती है। वहीं उन्हीं की पार्टी के नेता सनातन धर्म पर जब विवादित टिप्पणी करते हैं, तो अखिलेश यादव चुप्पी साथ लेते हैं।