लोकसभा चुनाव से पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष को बड़ी पटखनी दी है। बता दें कि चंडीगढ़ मेयर पद के लिए आयोजित हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत हासिल की है। भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के गठबंधन को मात देते हुए यह चुनाव जीता है। मेयर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जीत के साथ ही यह दावा ठोक दिया है कि वह निगम में काफी मजबूत है और लोकसभा चुनाव में भी इसी मजबूती के साथ उतरेगी।
मेयर चुनाव में गठबंधन भी नहीं आया काम
लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भी गठबंधन किया। हालांकि यह गठबंधन कुछ काम नहीं आया। भारतीय जनता पार्टी ने मेयर पद के लिए उम्मीदवार के रूप में मनोज कुमार सोनकर को मैदान में उतारा। गठबंधन के तहत मेयर पद के लिए आम आदमी पार्टी ने, तो वहीं डिप्टी मेयर और सीनियर मेयर पदों के लिए कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे।
भाजपा प्रत्याशी को मिले 16 वोट
चंडीगढ़ मेयर चुनाव के लिए आयोजित हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी मनोज कुमार सोनकर को कुल 16 वोट मिले। वहीं आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप कुमार ने 12 वोट हासिल किए। हालांकि इस चुनाव में आठ वोटों को किन्हीं कारणों से कैंसिल कर दिया गया। चुनाव परिणाम के बाद विपक्ष द्वारा भारतीय जनता पार्टी पर चुनाव में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया गया है।
जेपी नड्डा ने दी जीत की बधाई
चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बधाई दी है। भाजपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र शासित प्रदेशों में रिकॉर्ड विकास हुआ है। I.N.D.I.A गठबंधन ने अपनी पहली चुनावी लड़ाई लड़ी और फिर भी बीजेपी से हार गया, यह दर्शाता है कि न तो उनका अंकगणित काम कर रहा है और न ही उनकी केमिस्ट्री काम कर रही है।”