मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी जोरों शोरों से चुनाव प्रचार कर रही है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मध्य प्रदेश के सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र के बिलहरा में भाजपा प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान राजनाथ सिंह ने प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को क्रिकेट का धोनी कहा। राजनाथ सिंह ने शिवराज सिंह चौहान के विकास कार्यों को लेकर भाजपा की जीत का दावा किया।
मुख्यमंत्री की जमकर की तारीफ
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की। जहां उन्होंने शिवराज सिंह चौहान को अपने भाई जैसा बताया। शिवराज सिंह चौहान की तारीफ करते उन्होंने कहा कि “मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान ने शासन के रूप में प्रदेश की जनता की सेवा नहीं की, बल्कि सेवक के रूप में जनता की सेवा की है।” उन्होंने शिवराज सिंह चौहान को अपना भाई बताते हुए कहा कि “आपको महसूस नहीं होगा कि मैं मुख्यमंत्री से मिल रहा हूं, बल्कि मुझे ये महसूस होता कि मैं अपने भाई से मिल रहा हूं।” इतना ही नहीं उन्होंने मध्य प्रदेश में हुए विकास को लेकर कहा कि “जो करिश्माई काम यहां हुआ है, मैं दावे के साथ कह सकता सकता हूं कि हिंदुस्तान के किसी राज्य में नहीं हुआ है।”
क्रिकेट और मध्य प्रदेश की राजनीति के धोनी हैं शिवराज
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तारीफ करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान क्रिकेट के धोनी हैं, शुरुआत चाहे जितनी भी खराब हो, लेकिन बाद में आते-आते क्रिकेट का मैदान जीत जाते हैं। हालांकि इससे पहले भी एक मीडिया चैनल से बात करते हुए राजनाथ सिंह ने शिवराज सिंह चौहान को मध्य प्रदेश की राजनीति का धोनी बताया था। दरअसल यह बयान उन्होंने भाजपा और कांग्रेस के बीच मध्य प्रदेश में चल रही टक्कर को लेकर दिया।
शिवराज सिंह चौहान को लेकर अटकलें खत्म
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित नहीं किया है। इसको लेकर अटकलें जताई जा रही थीं कि शिवराज सिंह चौहान को भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री पद का चेहरा बरकरार नहीं रखेगी। हालांकि जैसे ही शिवराज सिंह चौहान को विधानसभा चुनाव की टिकट मिली, उसके बाद यह अटकलें समाप्त होने लगी हैं। परंतु भारतीय जनता पार्टी ने अभी भी मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं किया है।
भाजपा का मध्य प्रदेश में जीत का दावा
भारतीय जनता पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर लगातार दावा किया जा रहा है कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी फिर से अपनी सरकार बनाएगी। भाजपा का कहना है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश में जो विकास कार्य किए हैं, उसी के बलबूते पर भाजपा की सरकार बनेगी।