मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कई दिग्गज नेता चुनाव प्रचार के लिए मध्य प्रदेश पहुंच रहे हैं। इस कड़ी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी मध्य प्रदेश पहुंची। स्मृति ईरानी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विवादित बयान को लेकर हमला बोलते हुए कहा कि आखिर क्यों बार-बार महिलाओं के चरित्र और जीवन शैली पर घटिया बातें की जाती हैं। उन्होंने इस दौरान नीतीश कुमार के बयान पर विपक्ष की चुप्पी पर भी निशाना साधा।
विपक्षी गठबंधन पर आक्रोश
मध्य प्रदेश के जबलपुर में जनसभा को संबोधित करने पहुंची स्मृति ईरानी ने महिलाओं को लेकर नीतीश कुमार द्वारा दिए गए बयान की निंदा की। उन्होंने कहा “बिहार विधानसभा आज नीतीश कुमार की अभद्र टिप्पणी का साक्षी बना है।” वही इंडिया गठबंधन पर भी हमला बोलते हुए उन्होंने कहा “मुझे इस बात का बेहद आक्रोश भी है क्योंकि नीतीश के बयान पर अब तक इंडिया एलायंस ने कोई भी बयान जारी नहीं किया है।” स्मृति ईरानी ने कहा “आखिर विपक्षी गठबंधन इंडिया को महिलाओं के चरित्र और जीवन शैली पर दिए गए विवादित बयानों पर सांप क्यों सूंघ जाता है।”
भाजपा ने मांगा इस्तीफा
विधानसभा में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा दिए गए बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार नीतीश कुमार पर हमलावर है। इसको लेकर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने भी बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि “नीतीश कुमार का यह बयान किसी गली के लफंगों जैसा है।” इतना ही उन्होंने अपने बयान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को तत्काल डॉक्टर से मिलने की सलाह दी थी। नीतीश कुमार के विवादित बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कई मंत्रियों ने नीतीश कुमार से इस्तीफे की मांग की है।
एफआईआर हो चुकी है दर्ज
महिलाओं को लेकर विधानसभा में दिए गए बयान पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुश्किलें अब लगातार बढ़ती जा रही हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ मुजफ्फरनगर की कोर्ट में परिवाद दायर हुआ है। नीतीश कुमार के खिलाफ यह परिवाद अधिवक्ता अनिल कुमार सिंह द्वारा दायर कराया गया है। जहां इस मामले में सीजेएम कोर्ट द्वारा 25 नवंबर को सुनवाई की जाएगी।