लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी ने कमर कस ली है। जहां दोनों ही पार्टियों के द्वारा लोकसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी गई हैं। लेकिन इसी बीच समाजवादी पार्टी द्वारा एक ऐसा ऐलान किया गया है, जिससे इंडिया गठबंधन में एक बार फिर से फूट पड़ती हुई दिखाई दे रही है। बता दें कि समाजवादी पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अगर समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ नहीं होगी, तो वह 80 की 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
सपा का 65 लोकसभा सीटों पर चुनाव लडना लगभग तय
समाजवादी पार्टी के ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटों को लेकर इंडिया गठबंधन में तकरार दिखाई दे सकती है। सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चंद ने लोकसभा चुनाव को लेकर मीडिया से बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी यूपी में सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने बीते विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में 35 फीसदी वोट मिला था। ऐसे में समाजवादी पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बाकी बची 15 सीटें दूसरी सहयोगी पार्टियों के लिए छोड़ी जाएंगी।
क्या यूपी की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी सपा ?
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चंद ने उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटों पर चुनाव को लेकर एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी 80 की 80 लोकसभा सीटों पर भी चुनाव लड़ सकती है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि “समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को अकेले हराने में सक्षम है। अगर समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के साथ नहीं जाएगी, तो 80 की 80 लोकसभा सीटों (उत्तर प्रदेश) पर समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी को हराने का काम करेगी।
क्या गठबंधन में पड़ चुकी है फूट ?
लोकसभा चुनाव को लेकर इकट्ठी हुई तमाम विपक्षी पार्टियों ने जब इंडिया गठबंधन बनाया तो उसका उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से हटाना था। लेकिन अब इंडिया गठबंधन में फूट पड़ती हुई दिखाई दे रही है। जहां मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा समाजवादी पार्टी को एक भी सीट नहीं दी गई। वहीं अब समाजवादी पार्टी द्वारा लोकसभा चुनाव 2024 में उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 65 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है। इतना ही नहीं, समाजवादी पार्टी तो अभी भी गठबंधन से अलग होने की बात कर रही है। सपा प्रवक्ता ने बयान देते हुए बोला था कि अगर सपा गठबंधन के साथ नहीं जायेगी, तो सभी 80 लोकसभा सीटों पर सपा ही चुनाव लडेगी।