पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों में से भारतीय जनता पार्टी ने तीन राज्यों में भारी बहुमत के साथ जीत हासिल की है, लेकिन जीत हासिल करने के बाद तीनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर असमंजस में पड़ गई है। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लिए मुख्यमंत्री का चेहरा तलाश कर रही है, जिसके लिए कई प्रमुख दावेदार सामने आ रहे हैं। तीनों राज्यों में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर प्रधानमंत्री आवास पर भी बैठक हुई है, लेकिन अभी तक बैठक का कोई नतीजा सामने नहीं आया है।
प्रधानमंत्री आवास पर 4 घंटे चली बैठक
भारतीय जनता पार्टी राजस्थान मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री पद के लिए किसका चयन करेगी इसको लेकर 3 दिसंबर से ही चर्चाएं होने लगी हैं। हालांकि तीनों राज्यों में मुख्यमंत्री पद के कई बड़े दावेदारों के नाम सामने आ रहे हैं। तीनों राज्यों में मुख्यमंत्री के चयन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर बैठक भी की। मुख्यमंत्री के चयन को लेकर यह बैठक करीब चार घंटे तक चली, लेकिन बैठक में क्या फैसला किया गया है, इसको लेकर अभी पार्टी की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।
राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के कई दावेदार
राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी किसको मुख्यमंत्री का चेहरा चुनेगी, इसको लेकर कई बड़े नाम सामने आ रहे हैं। राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के लिए 5 प्रमुख नाम हैं, जिसमें पहला नाम वसुंधरा राजे सिंधिया, दूसरा नाम बाबा बालकनाथ योगी, तीसरा नाम गजेंद्र सिंह शेखावत, चौथा नाम दीया कुमारी और पांचवा नाम अश्विनी वैष्णव का है। हालांकि वसुंधरा राजे और बाबा बालकनाथ मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे हैं।
मध्य प्रदेश में भी मुख्यमंत्री पद के कई दावेदार
मध्य प्रदेश में भी मुख्यमंत्री पद के कई बड़े दावेदार हैं। मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए पहला नाम शिवराज सिंह चौहान का, दूसरा नाम नरेंद्र सिंह तोमर, तीसरा नाम प्रह्लाद पटेल और चौथा नाम वीडी शर्मा का है। हालांकि मध्य प्रदेश में भाजपा एक बार फिर शिवराज सिंह चौहान पर अपना विश्वास जता सकती है।
छत्तीसगढ़ में ये हैं दावेदार
छत्तीसगढ़ में भी मुख्यमंत्री पद के लिए चार प्रमुख नाम सामने आ रहे हैं। चार नामों में पहला नाम रमन सिंह का, दूसरा नाम अरुण साव, तीसरा नाम विष्णुदेव साय और चौथा नाम ओपी चौधरी का है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री के लिए रमन सिंह को प्रमुख चेहरा माना जा रहा है।