लोकसभा चुनाव 2024 से पहले ही इंडिया गठबंधन टूटता हुआ नजर आ रहा है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी चुनावी मैदान में उतरी थी, लेकिन इसी बीच कांग्रेस पार्टी द्वारा मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लेकर लिए गए फैसले ने समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका दे दिया। इसके बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बयान देते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को इंडिया गठबंधन के बारे में तय करना है कि यह गठबंधन राष्ट्रीय स्तर पर होगा या सिर्फ प्रदेश स्तर पर होगा। अखिलेश यादव के इस बयान के बाद इंडिया गठबंधन में टकराव की स्थिति दिख रही है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दिया बयान
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए जैसे ही कांग्रेस पार्टी ने उम्मीदवारों की घोषणा की। वैसे ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कांग्रेस पार्टी के इस फैसले से नाराज हो गए। जहां सपा मुखिया ने कांग्रेस से दो टूक कहते हुए बयान दिया कि ‘लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस को INDIA गठबंधन के बारे में तय करना है कि यह गठबंधन राष्ट्रीय स्तर पर होगा या प्रदेश स्तर पर। अगर अभी प्रदेश स्तर गठबंधन नहीं किया गया, तो भविष्य में भी प्रदेश स्तर पर गठबंधन नहीं होगा।’
अखिलेश यादव ने उतारे थे उम्मीदवार
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कई क्षेत्रों से उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी थी। वहीं सपा को भी कांग्रेस से उम्मीद थी कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव में कुछ सीटें सपा के लिए छोड़ देगी। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी ने उन सीटों पर भी अपने उम्मीदवार उतार दिए। जहां समाजवादी पार्टी ने पिछली बार जीत हासिल की थी। यही कारण है कि सपा मुखिया कांग्रेस पार्टी से गुस्सा दिखाई दिए।
क्या लोकसभा से पहले ही टूट जाएगा गठबंधन
सपा और कांग्रेस के बीच मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर दिख रहे टकराव के बाद यह सवाल सामने आ रहा है कि लोकसभा चुनाव तक यह गठबंधन बरकरार रहेगा या फिर इसमें रार पड़ेगी। दरअसल सपा मुखिया अखिलेश यादव इससे पहले भी उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों को लेकर बयान दे चुके हैं। जहां उन्होंने बयान में कहा था कि हम तो इतना जानते हैं कि जिसे प्रधानमंत्री बनना है, वह यूपी आए।