उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट देश की प्रमुख हॉट सीट है। इस सीट पर बीते कई दशकों से भारतीय जनता पार्टी का दबदबा है। यह लोकसभा VVIP इसलिए है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते दो लोकसभा चुनाव से इसी सीट से चुनाव लड़ते हैं और जीत भी दर्ज करते हैं। इस बार भी पीएम मोदी वाराणसी से चुनाव लड़ रहे हैं। आज यानी 1 जून को चुनाव के आखिरी चरण में इस सीट पर मतदान जारी है। 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार और वर्तमान पीएम नरेंद्र मोदी ने वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लडा और कुल 5,81,022 वोट उन्हें प्राप्त हुए। उन्होंने इस सीट से आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को 3,71,784 वोटों से और कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय को 5,05,408 वोटों से हराया था।
वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव में भी पीएम नरेंद्र मोदी ने इसी सीट से चुनाव लड़ा और इस चुनाव में उन्हें रिकॉर्ड 6,74,664 वोट मिले। जिसमें उन्होंने दूसरे नंबर पर रहीं सपा प्रत्याशी शालिनी यादव को 4,79,505 वोटों से शिकस्त दी थी। वहीं तीसरे स्थान पर रहे कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय को उन्होंने 5,22,116 वोटों से हराया था। इस सीट पर 2009 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के डॉ मुरली मनोहर जोशी ने जीत दर्ज की थी। वहीं वाराणसी लोकसभा सीट पर लोकसभा चुनाव 2024 में एक बार फिर अजय राय ने इंडी गठबंधन के टिकट पर अपनी किस्मत आजमाई है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को इस सीट पर मात देना लगभग नामुमकिन है। वाराणसी लोकसभा चुनाव 2024 रिजल्ट की घोषणा भी 4 जून को होगी।