इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे से पहले ही गठबंधन में शामिल दल आपस में बयानों से प्रहार कर रहे हैं। 19 दिसंबर को दिल्ली में हुई बैठक में भी सीटों के बंटवारे पर चर्चा हुई, लेकिन उसका कोई हल नहीं निकला। वहीं इसी बीच आम आदमी पार्टी के नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सिंह ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। कांग्रेस पार्टी पर भगवंत मान के हमले के बाद कांग्रेस पार्टी के नेता पवन खेड़ा ने भी उन पर पलटवार किया। दरअसल भगवंत मान ने पंजाब में कांग्रेस पार्टी को ‘एक थी कांग्रेस’ कहकर तंज कसा। वहीं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भगवंत मान पर ‘एक था जोकर’ कहकर पलटवार किया।
कांग्रेस को पंजाब और दिल्ली में इतिहास में धकेल दिया – भगवंत मान
कांग्रेस पार्टी को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तंज कसा। जहां उन्होंने दिल्ली और पंजाब में कांग्रेस सरकार जाने पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी को पंजाब और दिल्ली के इतिहास में धकेल दिया गया है। वहीं उन्होंने कांग्रेस को लेकर बयान देते हुए आगे कहा, “जल्दी ही पंजाब और दिल्ली में माताएं अपने बच्चों को यह कहानी सुनाती दिखाई देंगी कि एक थी कांग्रेस।”
कांग्रेस नेता ने किया पलटवार
कांग्रेस को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा दिए गए बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने टिप्पणी की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर आम आदमी पार्टी पर पलटवार करते हुए लिखा, “आम आदमी पार्टी के और मोदी जी के विचार कितने मिलते हैं। दोनों का सपना कांग्रेस मुक्त भारत का है। दोनों मुंह की खाएँगे।” उन्होंने मुख्यमंत्री भगवान मान पर तंज कसते हुए कहा, “वैसे एक भोजपुरी पिक्चर का नाम है ‘एक था जोकर’। आपने तो देखी होगी?”
कभी साथ कभी अलग क्यों दिख रहे विपक्षी?
इंडिया गठबंधन में शामिल पार्टियां कभी साथ-साथ, तो कभी अलग-अलग दिखाई देती हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भी इंडिया गठबंधन में शामिल परियों अलग-अलग दिखाई दी थीं। वही जब इंडिया गठबंधन की बैठक हुई तो सभी पार्टियों एक साथ दिखाई दीं, लेकिन जैसे ही बैठक खत्म हुई, तो गठबंधन में शामिल कई दल एक दूसरे पर ही हमलावर दिखाई दिए। हाल ही में ममता बनर्जी ने भी पश्चिम बंगाल में गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।