मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव काफी नजदीक है। विधानसभा चुनाव के नजदीक आते-आते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लेकर बड़ा सवाल बना हुआ है। दरअसल भारतीय जनता पार्टी ने अभी राजस्थान और छत्तीसगढ़ के साथ मध्य प्रदेश में भी मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं किया है। जिसके कारण यह अंदेशा जताया जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश में अपना मुख्यमंत्री का चेहरा बदलना चाहती है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने अभी ऐसा कोई भी बयान जारी नहीं किया है, जिसमें यह स्पष्ट किया गया हो कि वह शिवराज सिंह चौहान को मुख्यमंत्री पद के चेहरे से हटाना चाहती है।
क्यों सामने आ रहा सवाल
मध्य प्रदेश में अगर भारतीय जनता पार्टी जीत हासिल करती है, तो शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री होंगे या नहीं इसको लेकर सवाल लगातार बना हुआ है। यह सवाल तो उसी वक्त खड़ा हो गया था, जब भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित नहीं किया। लेकिन सवाल को मजबूती उस वक्त मिली जब स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने भाषणों में भावुक होते हुए नजर आए। दरअसल उन्होंने कई बार अपने भाषण के दौरान प्रदेश की जनता से पूछा कि उन्हें मुख्यमंत्री बनना चाहिए या नहीं।
क्या कहते हैं आंकड़े
मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने 2018 के विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में शिवराज सिंह चौहान को उतारा था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी को 2018 में मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में जीत नहीं मिल सकी। लेकिन इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी को 2019 के लोकसभा चुनाव में 29 में से 28 लोकसभा सीटों पर जीत मिली। यह जीत दर्शाती है कि शिवराज सिंह चौहान भारतीय जनता पार्टी के लिए मध्य प्रदेश में काफी अहम हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी के पास मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में फिलहाल कोई ऐसा चेहरा भी सामने नहीं आ रहा है जो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का स्थान ले सके।
17 नवंबर को है मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव
चुनाव आयोग ने 9 अक्टूबर को ही पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के मतदान और मतगणना की तिथि स्पष्ट कर दी थी। जिसके अनुसार मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया 17 नवंबर को संपन्न कराई जाएगी। बता दें कि मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर मतदान प्रक्रिया 17 नवंबर को केवल एक ही चरण में आयोजित होगी। वहीं सभी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों का परिणाम एक ही दिन यानी की 3 दिसंबर 2023 को जारी किया जाएगा।