कांग्रेस नेता डीके सुरेश के भारत विरोधी बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। दरअसल संसद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 1 फरवरी को पेश किए गए बजट पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के भाई और कांग्रेस सांसद डीके सुरेश ने शुक्रवार को प्रतिक्रिया दी। बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने दक्षिण राज्यों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए अलग देश की मांग की है।
सांसद रहने का नहीं है अधिकार
कांग्रेस नेता डीके सुरेश के विवादित बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी लगातार कांग्रेस पार्टी के साथ- साथ I.N.D.I.A गठबंधन पर हमला बोल रही है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस सांसद डीके सुरेश के बयान पर पलटवार करते हुए कहा, “सुरेश को एक मिनट भी सांसद रहने का अधिकार नहीं है।”
डीके सुरेश कर रहे हैं भारत को तोड़ने की बात
भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और उसकी सहयोगियों पर निशाना साधते हुए आगे कहा कि कांग्रेस और उसकी सहयोगी पार्टियां भाजपा पर संविधान का उल्लंघन करने का आरोप लगाती हैं, लेकिन भारत को तोड़ने पर डीके सुरेश की असंवैधानिक टिप्पणियों पर कांग्रेस कुछ नहीं कहती। भाजपा ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सांसद डीके सुरेश भारत को तोड़ने की बात कर रहे हैं और उनके नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे चुप्पी साधे हुए हैं।
कांग्रेस सांसद ने की थी मांग
कांग्रेस सांसद डीके सुरेश ने बजट के बाद अलग राज्य की मांग का बयान दिया था। दरअसल कांग्रेस सांसद का कहना था कि केंद्र सरकार दक्षिण राज्यों को उत्तर राज्यों की तुलना में कम पैसा दे रही है। इसके साथ उन्होंने केंद्र सरकार पर भेदभाव करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार बजट में दक्षिण के राज्यों के साथ भेदभाव कर रही है और बजट का पैसा उत्तर भारत को अधिक दिया जाता है, जबकि दक्षिण के राज्यों के हिस्से में इसका कुछ ही हिस्सा आ पाता है। अगर ऐसा ही चलता रहा, तो दक्षिण भारत के राज्य अलग देश की मांग करेंगे।”